फोटो 18जेएनडी10-राजकीय महाविद्यालय अलेवा में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को जानकारी देती हुई
जींद। राजकीय महाविद्यालय अलेवा में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। 18 से 21 नवंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय कार्यशाला में छात्राओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य मुनीष कुमार ने की, जबकि आयोजन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सुनेत रानी के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षण देने के लिए जिला खेल कार्यालय जींद से जूडो प्रशिक्षक ज्योत्सना प्रकाश पहुंची। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करने के तरीकों की जानकारी दी और आत्मरक्षा से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास करवाया।
महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सुनेत रानी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों से परिचित करवाना और विपरीत परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण केवल शारीरिक बचाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छात्राओं में सतर्कता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है। प्रशिक्षक ज्योत्सना प्रकाश ने छात्राओं को बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहना और सूझबूझ से काम लेना जरूरी है। नियमित अभ्यास से आत्मरक्षा की तकनीकों में दक्षता हासिल की जा सकती है। इस दौरान डॉ. प्रतिभा, डॉ. रितु, कुमारी साक्षी, सरिता, अल्पना शर्मा मौजूद रही।