24जेएनडी26-पराली प्रबंधन को लेकर एक गांव में पहुंचे एसडीएम पुलकित मल्होत्रा। स्रोत प्रशासन
जींद। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सोमवार को पराली प्रबंधन को लेकर उपमंडल के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने सरफाबाद, बागडू कलां व खुर्द, ऐचरां कलां व खुर्द, हाट, माल सिवाना, रामनगर, गांगोली, भंभेवा में किसानों से मुलाकात कर पराली न जलाने का संदेश दिया।
एसडीएम ने बताया कि पराली जलाने से पर्यावरण, मिट्टी की उपजाऊ क्षमता और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। सरकार द्वारा सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, रोटावेटर, जीरो टिल सीड ड्रिल, हैप्पी सीडर, श्रेडर और बेलर जैसी मशीनों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि किसानों को आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
इसके अलावा फसल अवशेषों का उपयोग खाद या पशु चारे के रूप में किया जा सके। किसान इन सुविधाओं का लाभ लेकर पराली का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करें। एसडीएम मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने ग्रामीणों को पराली प्रबंधन जागरूकता के साथ-साथ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों से लगातार संवाद बनाए रखें। इस दौरान तहसीलदार राजेश गर्ग, कृषि विभाग के एसडीओ सुशील कुमार भी मौजूद रहे।