जींद। गोहाना रोड पर रानी तालाब के नजदीक स्कॉर्पियो चालक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसमें ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में शांति नगर निवासी जोधा सिंह ने बताया कि उसके भाई का साला नरेश ई रिक्शा लेकर पुराने बस अड्डे से रानी तालाब की तरफ जा रहा था। वह और फिरोज खान भी अपनी बाइक पर पीछे चल रहे थे। इस दौरान ई रिक्शा में दो सवारी भी बैठी थी।
जब ई रिक्शा रानी तालाब के नजदीक पहुंची तो पीछे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी चालक ने टक्कर मार दी। इसमें रिक्शा पलट गई और कुछ देर तक गाड़ी में उलझकर घिसट गई। इस दौरान रिक्शा चालक नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उपचार के दौरान नागरिक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद