छह महीने के बाद सोमवार से जिले के सरकारी और निजी स्कूल खुले। नौंवी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी अपने विषय के बारे में परामर्श लेने के लिए पहुंचे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्कूलों में सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार पुख्ता प्रबंध किए गए थे। स्कूल में प्रवेश करने से पहले विद्यार्थियों के हाथ सैनिटाइज करवाए गए। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शिक्षकों ने विद्यार्थियों के तापमान की जांच भी। वहीं सरकारी व निजी स्कूल के स्टाफ का कोरोना टेस्ट जारी हैं।
गौरलब है कि सरकार द्वारा 21 सितंबर से नौंवी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को परामर्श के लिए स्कूलों में आने के आदेश जारी किए गए थे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी सुबह आठ बजे से दोपहर ढाई बजे तक पढ़ाई संबंधित सलाह ले सकेंगे। जो विद्यार्थी स्कूल में आएंगे उनको अपने अभिभावकों की सहमति अतिआवश्यक है।
अभिभावकों की लिखित सहमति दिए जाने के बाद ही छात्रों को स्कूल में आने की अनुमति थी। शिक्षकों के कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देेश दिए गए हैं कि नियमों को लेकर लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मदन सिंह चोपड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी जींद।
निजी और सरकारी स्कूलों में परामर्श लेने पहुंचे 950 विद्यार्थी
सोमवार को जुलाना क्षेत्र के निजी और सरकारी स्कूलों में नौंवी से 12वीं तक के 950 विद्यार्थी परामर्श लेने के लिए पहुंचे। बच्चों को स्कूल में आने के लिए सहमति के लिए शपथ पत्र स्कूल प्रशासन को दिए। एसजी स्कूल के डायरेक्टर बलवान सिंह मलिक ने बताया कि पहले दिन उनके स्कूल में 35 बच्चे ही परामर्श लेने के लिए आए। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य रमेश कुमार ने बताया कि उनके स्कूल में करीब 40 विद्यार्थी पहुंचे। खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि जुलाना क्षेत्र में 950 विद्यार्थी स्कूलों में पहुंचे। 400 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों व 550 विद्यार्थी निजी स्कूलों में पहुंचे हैं। नरवाना के एमडीएन पब्लिक स्कूल में 9वीं व 10वीं के विद्यार्थियों को परामर्श के लिए बुलाया गया।
मास्क लगाकर विद्यार्थी पहुंचे विद्यार्थी
उचाना के महर्षि लोमश स्कूल लोधर में सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल खुले। आने वाले हर विद्यार्थी व अध्यापक के हैंड सैनिटाइज करवाए गए।
50 प्रतिशत विद्यार्थियों के साथ सावधानियों से खोला गया स्कूल
जींद के आधारशिला स्कूल में पहले दिन नौवीं से 12वीं कक्षा के 50 प्रतिशत छात्र उपस्थित रहे। स्कूल निदेशक अंजू सिहाग व प्राचार्य केके भार्गव ने सभी बच्चों की सुरक्षा की निगरानी की।
डीएवी के निदेशक डीडी विद्यार्थी ने कहा कि 50 प्रतिशत बच्चों को आने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से स्कूल में दसवीं और 12वीं की कंपार्टमेंट की परीक्षाएं होंगी। मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के प्राचार्य रविंद्र कुमार ने अभिभावकों से विचार-विमर्श करने के बाद उनकी लिखित सहमति से विद्यार्थियों को विद्यालय में बुलाया गया।
स्कूल के गेट पर छात्रा की थर्मल स्क्रीनिंग करती अध्यापिका।- फोटो : Jind
महर्षि लोमश स्कूल लोधर में मास्क पहन कर पहुंचे विद्यार्थी।- फोटो : Jind
मनोहरपुर के राजकीय स्कूल में विद्यार्थियों के हाथ सैनिटाइज करवाता कर्मचारी।- फोटो : Jind