जींद। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन ने प्रदेशस्तरीय बैठक कर सर्वसम्मति से फैसला लिया कि भाजपा सरकार 25 अगस्त से पहले उनकी मांगों को नहीं मानेगी तो आने वाले विधानसभा चुनाव में वे ग्रामीणों को सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जागरूक करेंगे।
जाट धर्मशाला में शुक्रवार को हुई बैठक में एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष रणबीर सिंह समैण ने कहा कि आज भाजपा सरकार एक तरफ कहती है कि सरपंचों को सभी अधिकार दे दिए हैं, लेकिन यह अधिकार गांव की गलियां, नालियां बनवाने के हैं, जोकि सभी गांवों में पहले से बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आज गांव में लाइब्रेरी, पार्क, सार्वजनिक काम के लिए धर्मशाला की जरूरत है। इसके निर्माण का अधिकार उनको दिया जाए। उनकी इन मांगों को सरकार 25 अगस्त तक पूरी तरह से लागू करे नहीं तो आने वाले विधानसभा चुनाव में ग्रामस्तर पर लोगों को सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जागरूक करेंगे। हर बूथ पर 20 युवाओं को तैयार किया जाएगा। रणबीर सिंह समैण ने कहा कि भाजपा विधायक व मंत्री गांव के अधिकारों की आवाज को नहीं उठा रहे हैं। वह किस मुंह से गांव के लोगों से वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मांग वर्क टेबल तोड़ने, विधायकों का हस्तक्षेप बंद करने, जेम पोर्टल पर सामान खरीदने की पाबंदी हटाई जाए, सरपंचों को भवन का निर्माण करने, पार्क का निर्माण करने की अनुमति देने की है।
बैठक में मुख्य रूप से पंचकूला से रविंद्र, अंबाला से मंजीत, जींद से सुदिप बुआना, रोहतक से जगबीर गिल, पानीपत से राजेश जगलान, हिसार से मंजीत, नूंह से जावेद, पलवल से मनोज, भवानी से संदीप गोलागड, रेवाड़ी से मोनू सरपंच, महेंद्रगढ़ से परवीन, जींद ब्लॉक से अनूप कंडेला सरपंच, नरेश बुकल सरपंच जुलानी, सुनील सरपंच, अनिल नैन, सुखबीर जागलान, सूरज सरपंच, अजित बडोदी सहित अन्य सरपंच मौजूद रहे।