जींद। नागरिक अस्पताल में सफाई कर्मचारियों से पूरा काम लेने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। वीरवार को हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग की तीन सदस्यीय टीम के सामने कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
शिकायतों में सामने आया कि सफाई का ठेका संभाल रही कंपनी ने कर्मचारियों के ईएसआई कार्ड नहीं बनवाए और न ही उनके पीएफ खातों में राशि जमा करवाई जा रही है। इस पर आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टांक ने ठेकेदार को दो दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टांक, सदस्य चंद्र प्रकाश और रेखा ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर सफाई कर्मचारियों से सीधे बातचीत की। कर्मचारी विशाल ने बताया कि उसे काम करते हुए चार महीने हो चुके हैं लेकिन अब तक केवल दो महीने का वेतन मिला है। कर्मचारियों ने काम के अत्यधिक दबाव की शिकायत करते हुए बताया कि एक कर्मचारी को 12 से 13 कमरे साफ करने पड़ते हैं। इसके अलावा सफाई के साथ उनसे वार्ड बॉय का काम भी लिया जाता है।
दुर्घटना में घायल कर्मचारी को नहीं मिली सहायता
सफाई कर्मचारी संजय ने बताया कि वह दुर्घटना में घायल हो गए थे लेकिन कंपनी की ओर से उन्हें कोई आर्थिक सहायता या अन्य सुविधा नहीं दी गई। शिकायतें सुनने के बाद आयोग के उपाध्यक्ष ने ठेकेदार को निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर सभी कर्मचारियों का सामूहिक बीमा करवाया जाए। इसके साथ ही सभी को ईएसआई कार्ड उपलब्ध करवाने और पीएफ खातों में नियमानुसार राशि जमा करवाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाए और वेतन से किसी प्रकार की अनावश्यक कटौती न हो।
सुपरवाइजर को नहीं पता कितने कर्मचारी ड्यूटी पर
निरीक्षण के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष ने कंपनी की ओर से नियुक्त सुपरवाइजर से पूछा कि उस दिन कितने सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर आए हैं। वह इसका जवाब नहीं दे सकी। इस पर टांक ने उसे फटकार लगाते हुए कहा कि जब सुपरवाइजर को ही ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की संख्या की जानकारी नहीं है तो काम की निगरानी कैसे की जा रही है। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कामकाज की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीआरएसयू में भी सुनी कर्मचारियों की समस्याएं
नागरिक अस्पताल के बाद आयोग की टीम ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) का दौरा कर वहां कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। आयोग के सदस्यों ने निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को समय पर पूरा वेतन, ईएसआई, पीएफ, स्वास्थ्य सुविधाएं और कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सभी वैधानिक सुविधाएं देना संबंधित एजेंसियों और विभागों की जिम्मेदारी है।