संडील निवासी महिला को निजी स्कूल बस चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जींद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई रोहतक पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया। पीजीआई के चिकित्सकों ने नगूरां पुलिस को मृतक महिला की सूचना दी। सूचना के अनुसार नगूरां पुलिस रोहतक पीजीआई पहुंची और मृतक महिला के पति फकीरचंद के बयान लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
नगूरां पुलिस को दिए बयान में 38 वर्षीय मृतक महिला के पति फकीर चंद ने बताया कि वह किसान है। उसकी पत्नी धनपति सुबह साढ़े सात बजे घर से प्लाट की ओर जा रही थी। इस दौरान निजी स्कूल बस जो कैथल के कलायत से संडील गांव बच्चों को लेने आई हुई थी, के चालक अशोक ने उसकी पत्नी को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वह बस छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को लेकर वह जींद नागरिक अस्पताल गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। नगूरां पुलिस चौकी प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि फकीरचंद के बयान पर संडील निवासी निजी स्कूल बस चालक अशोक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम वीरवार यानी आज होगा।