सुरबरा गांव में बीएसएफ जवान की हत्या के मामले में हुई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीएसएफ जवान के घर में कई सालों से पारिवारिक कलह चल रही थी। इसके चलते ही वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ पिछले आठ साल से माता-पिता से अलग रह रहा था। हालांकि संदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, लेकिन पारिवारिक कलह को शांत करने के लिए अलग रहना पड़ा। इसके बावजूद पारिवारिक कलह ने ही संदीप की जान ले ली। आरोप है कि संदीप के साले भिवानी जिले के प्रेम नगर निवासी मनदीप ने संदीप के दिल पर सुआ से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार संदीप 28 मार्च को एक माह की छुट्टी पर घर आया था। सोमवार को संदीप की उसकी पत्नी ऊषा के साथ कहासुनी हो गई, जिसमें उसको अपनी जान गंवानी पड़ी। नफे सिंह ने बताया कि बेटे संदीप की शादी 14 साल पहले भिवानी जिले के प्रेम नगर निवासी ऊषा के साथ हुई थी। संदीप और ऊषा के दो बच्चे हैं। बेटी हर्षा (12) और बेटा मयंक (9) साल के हैं। उन्होंने बताया कि शादी के चार साल बाद संदीप बीएसएफ में भर्ती हो गया था। जब भी वह छुट्टी पर घर आता था तो उसकी पत्नी ऊषा अकसर उससे झगड़ा करती थी। पांच अप्रैल को दिन में दोनों के बीच कहासुनी हुई तो ऊषा ने फोन कर अपन भाई मनदीप को बुला लिया। मनदीप अपने साथ दो और लोगों को लेकर आया था, जिन्होंने देर रात को सुआ घोंपकर उसके बेटे की हत्या कर दी।
बच्चों को पत्नी के साथ जाने से रोक रहा था संदीप
परिजनों के अनुसार मनदीप व संदीप के बीच झगड़ा होने पर मनदीप अपनी बहन ऊषा व दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाना चाहता था। इस पर संदीप ने कहा कि वह ऊषा को ले जाए, लेकिन बच्चों को यहीं छोड़ दे। आरोप है कि इसी को लेकर मनदीप ने संदीप के सीने पर बर्फ तोड़ने वाला सुआ घोंप दिया।
हर ग्रामीण की आंख हुई नम
वहीं संदीप की हत्या से गांव में पूर तरह से माहौल गमगीन रहा। ग्रामीणों के अनुसार संदीप बहुत ही खुशमिजाज व मिनलसार था। जब भी वह छुट्टी पर आता था तो गांव में हर किसी से मिलता था। गांव के युवाओं को हमेशा सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करता था। बीएसएफ की टुकड़ी ने अंतिम संस्कार के समय सलामी दी।
दंपती के बीच कहासुनी हो गई थी, जिस पर पत्नी ने अपने मायके से भाई व अन्य को बुला लिया था। उन्होंने सुआ घोंपकर संदीप की हत्या कर दी। मृतक बीएसएफ में कार्यरत था और वह छुट्टी पर आया हुआ था। फिलहाल मृतक के पिता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। -रविंद्र, उचाना थाना प्रभारी।
संदीप की अंतिम यात्रा में पहुंचे ग्रामीण। संवाद- फोटो : Jind
संदीप का फाइल फोटो।- फोटो : Jind