जींद। सेल कानूनगो राजबीर को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) सोनीपत की टीम ने आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी के खिलाफ एंटी करप्शन की टीम ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीबी सोनीपत की टीम को ऐचरा गांव निवासी अमित ने बताया था कि उसको अपनी जमीन का इंतकाल करवाना था। इसके चलते वह सेल कानूनगो से लघु सचिवालय के बाहर उनके कार्यालय में मिला। उन्होंने जमीन का इंतकाल करने की बजाए उसको चक्कर कटवाता रहा। इसके बाद कानूनगो ने उससे आठ हजार रुपये की मांग की। इसको लेकर अमित ने इसकी शिकायत सोनीपत एंटी क्रप्शन ब्यूरो टीम को दी।
इसके बाद छापा डालने के लिए इंस्पेक्टर फतेह सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने शिकायतकर्ता अमित को 500-500 के 16 नोटों के नंबर नोट कर व पाउडर लगाकर दे दिए। इसके बाद अमित ने कानूनगो राजबीर से संपर्क किया तो उन्होंने कार्यालय में रुपये लेकर बुलाया। अमित ने कानूननो को रुपये दे दिए और संकेत मिलते ही टीम ने सेल कानूनगो राजबीर को दबोच लिया और तलाशी लिए जाने पर उसके पास रिश्वत के रुपये बरामद हुए, हाथ धुलवाने पर हाथ लाल हो गए। टीम के इंस्पेक्टर फतेह सिंह ने बताया कि आरोपी कानूनगो के पास रिश्वत के रुपये बरामद होने पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप- एक लाख रुपये पहले लिए भी लिए
अमित का आरोप है कि वर्ष 2023 में भी आरोपी ने उससे इसी काम के लिए एक लाख रुपये लिए थे। अब दोबारा आठ हजार रुपये और मांगने पर एसीबी को शिकायत की गई।