जींद। शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर परिषद लगातार टेंडर लगा रही है। अब शहर में पांच विकास कार्यों के लिए 38.52 लाख रुपये की राशि से टेंडर लगाए गए हैं। इससे ओपन जिम, पार्क में स्वीमिंग पुल, बैरागी सभा की धर्मशाला में दरवाजे च सैनी श्मशान घाट का निर्माण होगा।
शहर की स्कीम नंबर पांच में 5.08 लाख रुपये की राशि से ओपन जिम और स्वीमिंग पुल का निर्माण होगा। 9 लाख 32 हजार रुपये की राशि से बैरागी सभा की धर्मशाला में दरवाजे व अन्य कार्य करवाए जाएंगे। सेक्टर 11 में 7 लाख 17 हजार रुपये की राशि से पार्क का जीर्णोद्धार होगा। इसमें बच्चों के खेलने का सामान व इसकी मरम्मत पर यह राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा 16.95 लाख रुपये की राशि से नहर के नजदीक सैनी श्मशान घाट का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
इन कार्यों की मांग शहरवासी लंबे समय से करते आ रहे थे। इन सभी कार्यों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद ने इन कार्यों के एस्टीमेट बनवाकर मंजूरी दी। इसके बाद अब इनके टेंडर जारी कर दिए हैं, ताकि लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। शहर के पार्कों का सुधार होने से यहां पर सुबह और शाम के समय घूमने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ओपन जिम में छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक आसानी से अभ्यास कर सकेंगे। आज के समय जिन लोगों के पास जिम में जाने का समय नहीं है। वह पार्कों में ही अभ्यास कर सकते हैं।
शहर के पार्कों में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर परिषद लगातार काम कर रही है। इसके अलावा सोमवार को ओपन जिम, बैरागी सभा की धर्मशाला में दरवाजे समेत अन्य कार्य, सेक्टर 11 में पार्क का जीर्णोद्धार व सैनी श्मशान घाट का सुधार कराने के लिए टेंडर लगाए हैं। जल्द ही इन सभी कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।