12जेएनडी14-धरना स्थगित होने की जानकारी देते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी। संवाद
जुलाना। मई और जून महीने का वेतन, वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता और औजार भत्ता जारी करवाने की मांग को लेकर जुलाना ब्लॉक के ग्रामीण सफाई कर्मियों ने 10 जुलाई से बीडीपीओ जुलाना के कार्यालय पर धरना दिया हुआ था। बीडीपीओ की ओर से वेतन के बिलों व अन्य भत्तों के बिलों पर हस्ताक्षर के बाद सफाई कर्मियों ने अपना धरना 16 जुलाई तक स्थगित कर दिया।
कर्मचारियों ने कहा कि अगर 16 जुलाई तक वेतन नहीं आया तो अगले ही दिन धरना फिर से शुरू किया जाएगा। धरने पर यह भी सहमति बनी कि जिनके ईएसआई कार्ड नहीं बने उनको ये कार्ड बनाकर दिए जाएंगे। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के राज्य महासचिव विनोद कुमार ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी सबसे निचले दर्जे का कर्मचारी है जो गांव व समाज को साफ-सुथरा रखने का काम करते है। काम के बावजूद तीन-तीन महीनों तक वेतन नहीं मिलता। यूनियन ने पंचायत विभाग से लेट वेतन जारी करने पर जुर्माने का पत्र भी निकाला हुआ है, लेकिन सरकार की करनी और कथनी में दिन-रात का फर्क है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 24 नवंबर 2024 को जींद में डीएससी समाज के सम्मेलन में सफाई कर्मचारियों के वेतन को 26 हजार रुपये करने की घोषणा की थी, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी इसका कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। जबकि प्रदेश की भाजपा सरकार डीएससी समाज की हितैषी होने का दम भरती हैं और 90 प्रतिशत सफाई कर्मचारी इसी समाज से आते हैं। वहीं प्रदेश सरकार पूरी तरह से सफाई कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है।
इस अवसर पर मनफूल, मुकेश, कृष्ण लाजवाना, अनिल, बालकिशन, संजय, रीना, सूरजभान, वीरेंद्र, बबीता, पुष्पा, नीलम, राजू, शीला और मोहन भी मौजूद रहे।