12जेएनडी20-नंदगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जायजा लेते हुए डीस
जुलाना। गांव नंदगढ़ में 19 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का प्रस्तावित दौरे को लेकर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जुलाना और नंदगढ़ गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जुलाना के विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी रखें। इसी दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का उनके पैतृक गांव नंदगढ़ में ग्रामीणों के साथ जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सबसे पहले जुलाना के अनाज मंडी में बनाए जाने वाले हेलीपैड वाले स्थान का निरीक्षण करके सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उसके बाद अग्रसेन भवन जिसका उद्घाटन प्रस्तावित है, वहां का जायजा लिया। डीसी ने जुलाना की श्रीस्वामी गोरक्षानंद गोशाला में पहुंचकर निरीक्षण किया, यहां पर भी मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
डीसी ने इसके बाद गांव नंदगढ़ में पहुंचकर स्टेडियम में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर किए जा रहे पुख्ता इंतजामों की फीडबैक ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्यक्रम को देखते हुए गंभीरता से कार्य करें। वाहन की पार्किंग, पेयजल की व्यवस्था और अन्य मूलभूत इंतजाम समय रहते पूरे हो जाने चाहिए। उन्होंने नंदगढ़ स्टेडियम के हॉल में ग्रामीणों से कार्यक्रम के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, कैप्टन योगेश बैरागी, एसडीएम होशियार सिंह, सीईओ जिप अनिल दून, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डिप्टी स्पीकर के निजी सचिव मोहित भी मौजूद रहे।