नरवाना। हरियाणा राज्य अंतर महाविद्यालय हॉकी चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन 11 से 13 फरवरी 2026 तक नरवाना के नवदीप स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा उच्चत्तर शिक्षा विभाग पंचकूला की ओर से पहली बार कराया गया।
आयोजन की जिम्मेदारी राजकीय महाविद्यालय बरवाला (पंचकूला) के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। लीग टूर्नामेंट के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच नरवाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
मुख्य अतिथि प्रसिद्ध जज जगदीप लोहान ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कर्नल सुनील अहलावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही हॉकी कोच संदीप गोयत व अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू सिंह ने टीम व टीम इंचार्ज मेजर सुरेंद्र कुमार (प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा) को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि महाविद्यालय ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।महाविद्यालय में टीम की सफलता को लेकर खुशी का माहौल है।