फोटो 28जेएनडी18-डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा से बातचीत करते हुए खाप पदाधिकारी। स्रोत सदस्य
जींद। लव मैरिज, लिव-इन रिलेशनशिप, समलैंगिक संबंधों और मीडिया में अश्लील सामग्री के प्रसारण को लेकर माजरा, कंडेला और नौगामा खाप पंचायतों ने सरकार से कानूनों की समीक्षा और आवश्यक संशोधन की मांग उठाई है।
शुक्रवार को तीनों खापों के प्रतिनिधियों ने विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा को ज्ञापन सौंपकर इन मुद्दों पर विधानसभा में गंभीरता से विचार करने की मांग की। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि लव मैरिज माता-पिता की सहमति से होनी चाहिए। एक ही गांव और समान गोत्र में विवाह को लेकर नियम बनाए जाने चाहिए।
माजरा खाप के प्रधान गुरविंदर सिंह संधू, कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला और नौगामा खाप के प्रधान जयबीर ने कहा कि लव मैरिज और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े प्रावधानों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने समलैंगिक संबंधों से जुड़े प्रावधानों को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे विषय भारतीय सामाजिक और पारिवारिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं।
माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर 18 अगस्त को खाप पंचायतों की 31 सदस्यीय कमेटी की मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई थी। बैठक के बाद सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी को खाप पंचायतों की मांगों को सुनने के लिए नियुक्त किया गया। इसके बाद 23 अगस्त को खाप प्रतिनिधियों ने मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से खाप पंचायतों और कानून विशेषज्ञों की बैठक आयोजित कर इन विषयों का गहन अध्ययन किए जाने की बात कही गई है।
समुंद्र सिंह फोर ने कहा कि विभिन्न माध्यमों पर ऐसी सामग्री परोसी जा रही है जिसे परिवार के साथ देखना भी मुश्किल होता है। सरकार को अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और आवश्यक प्रतिबंध लगाने चाहिए। इस अवसर पर माजरा खाप के सचिव महेंद्र सिंह सहारण, रघबीर नंबरदार, किसान यूनियन प्रधान बिंद्र नंबरदार, सरपंच दीपक रुपगढ़ मौजूद रहे।