जींद। शहर के बदहाल मुख्य मार्ग रोहतक रोड की हालात अब सुधरने के दिन आ गए हैं। इसको लेकर नगर परिषद चेयरपर्सन ने सीएम नायब सिंह सैनी से इसको फोरलेन बनवाने की मांग की। इसको लेकर सीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जल्द ही इस रोड को फोरलेन बनाने के निर्देश भी जारी किए। इस पर काम शुरू होने में दो माह का समय लग सकता है।
पिछले कई साल से शहर के अंदर से गुजरने वाले रोहतक रोड की हालात कंडम है। यहां से वाहनों को निकालने में बड़ी परेशानी होती है। सड़क पर गहरे गड्ढे बने हैं। इसके चलते हर समय जाम के हालात बने रहते हैं। व्यापारी संगठनों व यहां के दुकानदारों ने इस सड़क के निर्माण के लिए काफी बार आवाज उठाई लेकिन इनकी सुनवाई नहीं होने के कारण यहां से आसपास के गांवों के लोगों और शहरवासियों ने निकलना ही बंद कर दिया।
इसके चलते यहां पर मार्केट में दुकानदारी भी पूरी तरह से ठप हो गई। अब इस रोड के हालात अगले दो माह में सुधरने की उम्मीद बनी है। इस सड़क को फोर लेन, शहर के सुंदरीकरण और रानी तालाब के पास पड़ी खाली जगह पर मल्टीपर्पज भवन बनवाने के लिए आ रही बाधाओं को दूर कराने के लिए नप चेयरपर्सन ने सीएम से मुलाकात की।
इस पर सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के अंदर इस मुख्य मार्ग का जल्द निर्माण हो। पीडब्ल्यूडी विभाग ने संज्ञान लिया। इसमें सामने आया कि सड़क का सितंबर माह का पीरियड गारंटी का बचा हुआ है। इसकी अवधि पूरी होने के बाद इसका एस्टीमेट बनवाकर भिजवाया जाएगा।
इसके तुरंत बाद विभाग इस सड़क का टेंडर अलॉट कर निर्माण कार्य शुरू कराने का काम करेगा। इसमें चेयरपर्सन ने फोर लेन सड़क निर्माण के साथ डिवाइडर के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी रखा।
-
पैचवर्क कर चलाया जा रहा काम
इस सड़क पर पिछले लगभग दो साल से पेचवर्क करके ही काम चलाया जा रहा है हालांकि पैचवर्क के बाद कुछ ही समय में सड़क टूट जाती है। अब बरसात के दिनों में तो इस सड़क की हालात पहले से ज्यादा खराब हो गई है। यहां पर बने गहरे गड्ढे ऑटो, बाइक और कार चालकों को दिखाई नहीं देते और हादसे होने का डर बना रहता है।
अक्तूबर माह में इस सड़क को फोर लेन बनवाने के लिए प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी। फिलहाल इसके लिए एक माह और दुकानदारों व राहगीरों को परेशानी उठानी होगी। पिछली बार सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार की एक माह की गारंटी पीरियड बची है। इसके पूरी होते ही इसको पीडब्ल्यूडी से फोरलेन बनवाया जाएगा ताकि शहरवासियों को इस सड़क पर किसी प्रकार की परेशानी न रहे।
-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद।