जींद। पांडू पिंडारा स्थित नए बस स्टैंड की वर्कशॉप में रोडवेज का डीजल पंप शुरू हो गया है। इससे जींद उपकेंद्र की बसों को डीजल भरवाने के लिए पांच किलोमीटर दूर गोहाना रोड स्थित निजी पेट्रोल पंप तक नहीं जाना पड़ेगा। बसों के संचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और यात्रियों को भी बसों के रवाना होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
दरअसल, पांडू पिंडारा में नए बस स्टैंड की शुरुआत मार्च 2022 में हुई थी। यहां बसों के संचालन के लिए वर्कशॉप सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई थीं, लेकिन डीजल पंप की सुविधा नहीं थी।
रोडवेज डिपो में वर्तमान में 165 बसें हैं। इनमें 37 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित हो रही हैं। 100 से अधिक बसें जींद उपकेंद्र के अधीन हैं, जबकि शेष बसें सफीदों और नरवाना उपकेंद्र में चलती हैं। नए डीजल पंप का सीधा लाभ जींद उपकेंद्र की बसों को मिलेगा।
वर्जन
नए बस स्टैंड पर डीजल पंप शुरू हो गया है। पहले बसों को डीजल भरवाने के लिए गोहाना रोड स्थित निजी पंप तक जाना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी होती थी। अब बस स्टैंड परिसर में ही डीजल उपलब्ध होने से बसों का समय बचेगा।
राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद