फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: रोडवेज डिपो को मिलेंगी 20 नई बसें, रूटों पर बढ़ेगी संख्या, यात्रियों को मिलेगी राहत

विज्ञापन
फोटो। रोडवेज बस डिपो, जिसके बेड़े में 20 नई बस शामिल होंगी। संवाद
विज्ञापन
जींद। रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार रोडवेज के बेड़े में 500 नई साधारण नॉन एसी डीजल बसें शामिल करने जा रही है। इनमें से 20 बसें रोडवेज डिपो जींद को आवंटित की जाएंगी। नई बसें मिलने से डिपो की संचालन क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को विभिन्न रूटों पर बसों की उपलब्धता का लाभ मिलेगा। खासकर लंबे और ग्रामीण रूटों पर परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन

इस संबंध में हरियाणा परिवहन निदेशालय की ओर से 19 नवंबर को बस निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड को पत्र जारी किया गया है। इसमें कंपनी को प्रदेश के अलग-अलग रोडवेज डिपो के लिए आवंटित बसों की निर्धारित समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही बसों को संबंधित डिपो तक पहुंचाने से पहले वहां के महाप्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है ताकि आपूर्ति के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। रोडवेज डिपो में वर्तमान में करीब 160 बसें हैं। इनमें किलोमीटर योजना की 37 बसें और दस एसी बसें शामिल हैं।
विज्ञापन

डिपो से अलसुबह हरिद्वार, दिल्ली, गुरुग्राम, यमुनानगर और पांवटा साहिब जैसे लंबे रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है। इसके अलावा रोहतक, भिवानी और कैथल सहित अन्य रूटों पर भी बसें चलती हैं। रोडवेज बसों में प्रतिदिन करीब 15 हजार यात्री सफर करते हैं।
वहीं, परिवहन समिति की 162 बसें भी गोहाना, पानीपत, हांसी, असंध और नरवाना सहित विभिन्न रूटों पर चल रही हैं। ऐसे में 20 नई बसें मिलने से जींद डिपो के बेड़े में बढ़ोतरी होगी। यात्रियों को बसों के लिए अधिक देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जरूरत के अनुसार नए रूटों पर भी बसों का संचालन किया जा सकेगा।

वर्जन
20 बसें डिपो में पहुंचने के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग रूटों पर लगाई जाएंगी। इससे यात्रियों को आवागमन में बेहतर सफर की सुविधा मिलेगी। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें