फोटो 21जेएनडी05-बस अड्डा जींद, जहां से सूरतगढ़ की रोडवेज सेवा मुहैया होगी। संवाद
जींद। जिले के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नरवाना और आसपास के यात्रियों को राजस्थान जाने के लिए रोडवेज की नई बस सेवा की सुविधा मिलेगी। फतेहाबाद डिपो के टोहाना उपकेंद्र की ओर से नरवाना से राजस्थान के सूरतगढ़ तक बस सेवा शुरू की गई है।
बस सुबह नौ बजे नरवाना बस स्टैंड से रवाना होगी और शाम छह बजे तक सूरतगढ़ पहुंचेगी। नरवाना से सूरतगढ़ तक का किराया 350 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, अगले दिन सुबह सूरतगढ़ से जींद के लिए भी बस सेवा उपलब्ध होगी।
रोडवेज की यह बस नरवाना से रवाना होकर टोहाना, फतेहाबाद, भट्टू, चौपटा, नोहर और रावसतर होते हुए सूरतगढ़ पहुंचेगी। नरवाना से सूरतगढ़ की दूरी करीब 310 किलोमीटर है। इस रूट पर बस चलने से यात्रियों को राजस्थान तक पहुंचने के लिए सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही, रास्ते में पड़ने वाले कस्बों के यात्रियों को भी रोडवेज बस से सफर करने का विकल्प मिलेगा।
सूरतगढ़ से सुबह 7:15 बजे जींद के लिए चलेगी बस
सूरतगढ़ पहुंचने के बाद बस अगले दिन सुबह 7:15 बजे जींद के लिए रवाना होगी। इससे सूरतगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से जींद आने वाले यात्रियों को सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा। बस सेवा शुरू होने से हरियाणा और राजस्थान के बीच सड़क परिवहन की सुविधा बेहतर होगी और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
वर्जन
फतेहाबाद डिपो के टोहाना उपकेंद्र की ओर से नरवाना से सूरतगढ़ के लिए बस चलाई गई है। बस सुबह नौ बजे नरवाना से रवाना होगी और निर्धारित रूट से होते हुए शाम छह बजे तक सूरतगढ़ पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 7:15 बजे सूरतगढ़ से जींद के लिए रवाना होगी।
-विजय कुंडू, डीआई, रोडवेज सब डिपो नरवाना