पंचकूला के लिए निकली बस में सवार यात्री।
- फोटो : Jind
जींद। लॉकडाउन 4 के दौरान धीरे-धीरे रोडवेज बस सेवा शुरू हो रही है। पंचकूला के बाद अब रविवार से सफीदों, नरवाना और रोहतक के लिए रोडवेज सेवा शुरू हो जाएगी। प्रत्येक बस में 30 लोग सवारी कर सकते हैं। यात्रियों को बस स्टैंड के टिकट काउंटर से ही टिकट खरीदनी होगी। यदि बस को 20 सवारी भी मिली तो भी बस को रवाना किया जाएगा। दोपहर बाद यह बस वापस जींद डिपो में आ जाएंगी।
लॉकडाउन में ढील मिलते ही जींद रोडवेज डिपो ने अपनी बस सेवा शुरू कर दी थी। पिछले सप्ताह जींद डिपो ने पंचकूला व रोहतक के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। पंचकूला के लिए तो अब प्रतिदिन 30 यात्री मिल जाते हैं लेकिन रोहतक के लिए यात्री नहीं मिलने से यह बस बंद कर दी थी। पंचकूला के लिए ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग हो रही है, जो बस के समय से पहले ही बिक जाती हैं। अब सफीदों, नरवाना तथा रोहतक के लिए बसों के परिचालन को लेकर रोडवेज प्रशासन ने दोबारा रूट चार्ट बनाया है। इस चार्ट के तहत जल्द ही अन्य लोकल रुटों पर भी बस सेवा शुरू की जाएगी।
बीच के किसी भी स्टॉपेज पर नहीं रुकेंगी बसें
रविवार से शुरू होने वाली सफीदों, रोहतक व नरवाना के लिए बस सेवा में यह साफ कहा गया है कि जींद से यह बस सीधे अपने निर्धारित स्थान पर ही रुकेंगी। बीच में किसी भी स्टॉपेज पर बस नहीं रुकेगी। सफीदों के लिए सुबह आठ बजे, नरवाना के लिए सवा आठ बजे, तथा रोहतक के लिए सुबह साढ़े सात बजे बस निकलेंगी। यह सभी बस तीन बजे वापस जींद बस स्टैंड पर आएंगी। बस में हर यात्री को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
धीरे-धीरे पटरी पर लौटेगी जिंदगी
रोडवेज महाप्रबंधक बिजेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस रूट पर 20 से ज्यादा यात्री मिलेंगे, उस पर बस भेज दी जाएगी। इनके अलावा 11 रूट पर प्लान बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। रविवार से सफीदों, नरवाना व रोहतक के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी।