मुबंई से आए लोगों को गांव जाने से रोकने की हिदायत देते थाना प्रभारी संजय कुमार।।
- फोटो : Jind
अलेवा। मुंबई से आए अलेवा के सात लोगों ने कोरोना सैंपल देने के बाद गांव में जाने की जिद की। इस पर सरपंच व बीडीपीओ ने इनको कस्बे में स्थित धर्मशाला में ठहरने को कहा लेकिन यह लोग नहीं माने। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को धर्मशाला में ठहराया।
रात को अलेवा के सात लोग मुंबई से आए थे। सुबह इन लोगों के नागरिक अस्पताल में सैंपल लिए गए। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने इनको घर पर ही क्वारंटीन रहने के लिए कहा। बीडीपीओ सतबीर सिंह व गांव के सरपंच रणधीर चहल ने इन लोगों से कहा कि वह अलेवा कस्बे में बनी धर्मशाला में रुक जाएं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद उनको घर में रहने दिया जाएगा। इस पर यह लोग नहीं माने और कहा कि वह गांव के स्कूल में रुक जाएंगे। इसके बाद अलेवा पुलिस को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी संजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मुंबई से आए सभी लोगों को धर्मशाला में रहने की हिदायत दी। थाना प्रभारी ने कहा कि सोमवार सुबह तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए कोरोना सैंपल की रिपोर्ट आने तक किसी को भी गांव में जाने की इजाजत नहीं है। अगर बावजूद इसके कोई भी व्यक्ति गांव गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।