हादसे के बाद क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। रविवार सुबह धुंध के चलते हिसार-चंडीगढ़ रोड पर रोडवेज बस और कैंटर की भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान बस सवारियों से भरी हुई थी। बस के टकराने से आधा दर्जन सवारियों को मामूली चोर्टें आईं। बाद में इन सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर भेज दिया गया।
रोडवेज की हिसार डिपो की बस रविवार सुबह हिसार बस अड्डे से सवारियों को लेकर चंडीगढ़ जा रही थी। बस जब ढाकल गांव के नजदीक पहुंची तो ज्यादा धुंध होने के कारण आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सही सलामत नीचे उतारा। बाद में पीछे से आ रही रोडवेज की दूसरी बस के माध्यम से चंडीगढ़ के लिए रवाना किया। सदर थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने बताया कि रोडवेज बस व कैंटर की टक्कर हुई है, लेकिन इसमें किसी को चोट नहीं आई। हादसे से संबंधित कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है।