नरवाना। हनुमान नगर स्थित एक घर में घुसकर एक महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का उस समय पता चला, जब महिला का पति देर रात ड्यूटी से घर आया। पति को शक है कि उसकी पत्नी की किसी ने गला दबाकर हत्या की है। पति ने सूचना दी तो शहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। नरवाना शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात हनुमान नगर निवासी 55 वर्षीय कमलेश देवी पत्नी सतेंद्र निवासी सच्चा खेड़ा का शव उनके ही घर में संदिग्ध हालत में मिला। महिला के गले पर चोट के निशान थे। वह आंगनबाड़ी में सुपरवाइजर थी। महिला के पति सतेंद्र कुमार शुगर मिल जींद में नौकरी करता है। शनिवार देर रात जब वह ड्यूटी से वापस आया तो घर की सभी लाइटें बंद थी। जब घर का दरवाजा खोलकर लाइटों को जलाया तो उसकी पत्नि कमलेश का शव फर्श पर पड़ा था। महिला के नाक व मुंह से खून बह रहा था। पति ने शहर थाना पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि हनुमान नगर में एक महिला की हत्या की गई है। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि महिला के दो बच्चे शादीशुदा हैं और बाहर नौकरी करते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।