प्रदेश सरकार ने मंगलवार को हरियाणा रोडवेज की बस में किराया बढ़ाने का फैसला ले लिया है। हालांकि अभी रोडवेज के महा प्रबंधकों के पास बढ़े हुए किराये की सूची नहीं आई, लेकिन एक-दो दिन में बढ़ा हुआ किराया लागू होने की उम्मीद है। इससे आम लोगों और विशेषकर रोडवेज कर्मचारी संगठनों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि सरकार सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को ठप करने की साजिश कर रही है।
हरियाणा रोडवेज की सामान्य बस में फिलहाल यात्री से 75 पैसे प्रति किलोमीटर का किराया वसूला जाता है, लेकिन नया किराया लागू होने के बाद यह प्रति किलोमीटर 85 पैसे हो जाएगा। रोडवेज सूत्रों के अनुसार आपास के शहरों का कम से कम किराया पांच रुपये बढना तय है। एक और जहां आम जनता इसका विरोधर कर रही है, वहीं रोडवेज कर्मचारी भी इसे रोडवेज के लिए गलत बता रहे हैं।
नए किराये की संभावित सूची
शहर पुराना किराया(रुपये) नया संभावित किराया (रुपये)
रोहतक 45 50
दिल्ली 105 120
अजमेर 470 535
जयपुर 320 365
गुडग़ांव 110 125
हरिद्वार 220 250
चंडीगढ़ 160 180
अंबाला 110 125
कैथल 48 55
नरवाना 30 35
कुरुक्षेत्र 85 95
असंध 35 40
भिवानी 60 65
हिसार 65 75
नोट किरया अनुमानित है। मूल किरया सूची में अंतर हो सकता है।
सरकार खुद बिगाड़ रही है गणित
रोडवेज का गठन नो लोस नो प्रोफिट के आधार पर हुआ है। रोडवेज कोई कमाई का साधन नहीं है। इसके बावजूद रोडवेज को मार्केट रेड से दस रुपये प्रति लीटर डीजल महंगा खरीदना पड़ रहा है, जबकि रेलवे को डीजल पर अनुदान मिलता है। यही रोडवेज में भी होना चाहिए। सरकार के फैसले से रोडवेज को घाटा और बढ़ेगा। यह आम लोगों की यात्रा महंगी करने का फैसला है।
- ईश्वर सिंह तालू, प्रधान रोडवेज वर्कर्स यूनियन
बढ़ेगी महंगाई
सार्वजनिक यातायात व्यवस्था अत्यंत सस्ती होनी चाहिए, ताकि लोग इसका अधिक से अधिक प्रयोग करें, लेकिन सरकार इसका उलटा कर रही है। पहले से ही किराया बहुत महंगा है और अब फिर से बढ़ा दिया गया है।
असीम, छात्र
लोगों को मिले सुविधा
सरकार को काम लोगों को बेहतर सुविधा देना है, लेकिन इस प्रकार के फैसले से अवैध यातायात वाहनों की संख्या और अधिक बढ़ेगी तथा सरकार कसो अधिक आर्थिक नुकसान होगा। यह फैसला लोगों और विशेषकर दैनिक यात्रियों की कमर तोड़ देगा।
सुंदर, व्यापारी।
अभी नहीं मिली जानकारी
किराया बढ़ाने की अभी कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली है। सरकार से कोई पत्र मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
- आरएस पूनिया, जीएम हरियाणा रोडवेज