कंडेला। शहर के सफीदों गेट स्थित वार्ड नंबर-15 के रांगड़ान मोहल्ला में बिना सूचना और विभागीय अनुमति के सड़क उखाड़े जाने का मामला सामने आया है। सड़क टूटने के बाद से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सोमवार को कॉलोनीवासियों ने मोहल्ले में गली उखाड़ने के विरोध में नारेबाजी की।
वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भी बिना एनओसी सड़क तोड़े जाने पर आपत्ति जताई है। सीवरेज और पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचने की बात कही है।
कॉलोनीवासी देवांशी बंसल ने बताया कि बिना किसी सूचना के गली की सड़क उखाड़ दी गई। इससे क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बरसात के मौसम में घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
मोहल्ला निवासी नरेश ने बताया कि सड़क उखड़ने के बाद रास्ता पूरी तरह उबड़-खाबड़ हो गया है। जगह-जगह बिखरे पत्थरों और गड्ढों के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब गली में बच्चों का खेलना भी बंद हो गया है। जब भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो बजट का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है।
मोहल्ला निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सीवरेज लाइन की मरम्मत के साथ सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।
बाक्स
नगर परिषद ने विभाग को बिना सूचना दिए सड़क तोड़ दी। इसके लिए विभाग से कोई एनओसी नहीं ली गई थी। बिना समन्वय के किए गए इस कार्य के कारण भूमिगत सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन को भी नुकसान पहुंचा है। विभाग नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
-भानु प्रताप शर्मा एक्सईन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग
रांगड़ान मोहल्ले में गली उखाड़ने के विरोध में नारेबाजी करते कालोनीवासी। संवाद
रांगड़ान मोहल्ले में गली उखाड़ने के विरोध में नारेबाजी करते कालोनीवासी। संवाद