31जेएनडी05: बैठक में मौजूद सेवानिवृत कर्मचारी। स्रोत : कर्मचारी
जींद। रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी एसोसिएशन की बैठक प्रधान किताब सिंह भनवाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।
बैठक में एजेंडा प्रस्तुत करते हुए कुलदीप सिंह ने विभिन्न विषयों पर चर्चा करवाई। प्रधान किताब सिंह भनवाला ने कहा कि आठवें वेतन आयोग की नीतियों में रिटायर्ड कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों को लेकर कई तरह की अस्पष्टताएं हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व के किसी भी वेतन आयोग के गठन के समय इस तरह की शर्तें नहीं लगाई गई थीं, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 13 मार्च 2026 को जारी एलटीसी संबंधी आदेशों के अनुसार एक माह के वेतन के बराबर मिलने वाली एलटीसी सुविधा 31 दिसंबर 2027 तक ही लागू रहेगी।
इसके बाद केवल वास्तविक यात्रा करने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स को ही इसका लाभ मिलेगा। बैठक में मांग की गई कि वर्तमान व्यवस्था को जारी रखा जाए तथा नए नियमों पर पुनर्विचार कर उन्हें वापस लिया जाए।
बैठक में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के उस फैसले का भी स्वागत किया गया। जिसमें सेवानिवृत्ति वर्ष में नौ माह या उससे अधिक सेवा देने वाले कर्मचारी को एक वार्षिक वेतन वृद्धि का पात्र माना गया है।
एसोसिएशन ने सरकार से इस निर्णय को शीघ्र लागू कर सभी पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ देने की मांग की। इस अवसर पर बैठक में मियां सिंह खटकड़, जयनारायण पिलानिया, शमशेर सिंह ढांडा, दलबीर सिंह रेढू मौजूद रहे।