फोटो 19जेएनडी06-रिटायर्ड कर्मचारी संघ खंड की बैठक में मौजूद पदाधिकारी। स्रोत सदस्य
जींद। रिटायर्ड कर्मचारी संघ खंड की बैठक बुधवार को शिव कॉलोनी स्थित अक्षर भवन में खंड प्रधान मा. कर्मबीर सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन खंड सचिव महेंद्र सिंह बिश्नोई ने किया। बैठक में आगामी 21 अगस्त को 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के वयोवृद्ध सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
खंड प्रधान कर्मबीर ने बताया कि शुक्रवार को पुराने बस स्टैंड स्थित वर्कशॉप वाले मंदिर में सम्मान समारोह किया जाएगा। संघ के पंजीकृत सदस्यों में शामिल 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग महिला-पुरुषों और उनके परिजनों से संपर्क किया जा चुका है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कार्यकारिणी सदस्यों की ड्यूटियां भी लगाई गई हैं।
बैठक में नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए सरकार से बातचीत कर उचित समाधान निकालने की मांग की गई। साथ ही निजी बसों तथा रोडवेज की वोल्वो और एसी बसों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधा किराया माफ करने की मांग उठाई गई। संघ ने कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते का एरियर ब्याज सहित देने, मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये मासिक करने, 65 वर्ष की आयु पर पेंशन में 10 प्रतिशत और 75 वर्ष के बाद 20 प्रतिशत वृद्धि करने, पुरानी पेंशन बहाल करने सहित अन्य मांगें भी उठाई।