23जेएनडी10: समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते डीसी इमरान रजा। स्रोत प्रशासन
- फोटो : संवाद
जींद। लघु सचिवालय सभागार में सोमवार समाधान शिविर में डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जनसमस्याएं सुनीं। निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित किया जाए। शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
डीसी ने कहा कि जिलास्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है उनमें किसी प्रकार की देरी न की जाए। विशेष रूप से 60 दिनों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाए।
सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों को तुरंत संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाए और री-ओपन एवं लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान किया जाए।
समाधान शिविर में कुल 29 जनसमस्याएं प्राप्त हुईं। डीसी ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की ओर से समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की निरंतर निगरानी की जा रही है और प्रत्येक शुक्रवार को इनके निपटारे की समीक्षा की जाती है।
गांव मुआना निवासी मेवा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। गांव कंडेला निवासी दीपक ने अपने पिता की मृत्यु के उपरांत दीनदयाल योजना का लाभ दिलाने की प्रार्थना की। नचार खेड़ा निवासी बीताराम ने गली में गोबर डालकर रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत दी।
गांव निडानी निवासी बलवान सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन दिलवाने का आग्रह किया। गांव रधाना निवासी संदीप ने गांव में कीचड़ से भरे नालों की सफाई की फरियाद की। निडानी निवासी राकेश देवी ने गली में अवरोध डालकर रास्ता रोकने की शिकायत की।
होशियारपुर निवासी सनी देओल ने लोन संबंधी समस्या रखी। नरवाना रोड निवासी मनीष ने परिवार पहचान पत्र में व्यवसाय संबंधी त्रुटि को दुरुस्त करने का आवेदन दिया। गांव बराह खुर्द के ग्रामीणों ने ड्रेन में गंदगी डाले जाने की शिकायत प्रस्तुत की। इस अवसर पर डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।