जींद। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। समाधान शिविर में डीसी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में 13 समस्याएं आईं जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी ने सोमवार को री-ओपन हुई समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें दोबारा खुली हैं, उनके कारणों की जांच की जाए और उनका निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग स्वयं ऐसी शिकायतों पर संज्ञान लें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए समाधान करवाएं, ताकि वही शिकायत दोबारा न खुलें।
उन्होंने कहा कि आमजन प्रशासन पर विश्वास करके अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर लोगों की छोटी से छोटी समस्या का भी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर को केवल औपचारिकता न मानते हुए जनसेवा का माध्यम समझें और हर शिकायत का समयबद्ध व स्थायी समाधान करें।
समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला और उपमंडल स्तर पर लगाया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित दिन पर समाधान शिविर में पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।इस दौरान एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका रानी, डीआरओ राजकुमार और डीडीपीओ संदीप भारद्वाज मौजूद रहें।
इन्होंने रखी अपनी समस्याएं
गांव दडौली निवासी समुद्र ने अपने खेतों में लगे सोलर पंप में आ रही समस्या रखी। कृष्णा कॉलोनी निवासी सतपाल ने अपने भाई का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। बाईपास स्थित शर्मा नगर निवासी लोगों ने गली में पशु बांधने तथा गली में किए गए अतिक्रमण के कारण आने-जाने में हो रही परेशानी को लेकर शिकायत दी। गांव खरक रामजी निवासी रमेश कुमार ने गांव की फिरनी पर बने गंदे नाले की समस्या रखी। गांव दनौदा खुर्द निवासी बलवान ने अपने मकान के आसपास पानी भरने की समस्या से अवगत कराया।