बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारीगण। संवाद
- फोटो : नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। स्रोत संवाद
सफीदों। ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व से जुड़े पवित्र नागक्षेत्र सरोवर में सोमवती अमावस्या के अवसर पर 15 जून को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद, श्री नागक्षेत्र सुधार समिति, कृष्ण कृपा परिवार और वरिष्ठ नागरिक मित्र मंडल की संयुक्त बैठक सरोवर परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक मित्र मंडल के शंकर दास अरोड़ा ने की।
निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5 बजे होगा। सर्वप्रथम श्रद्धालु नागक्षेत्र सरोवर में स्नान एवं ध्यान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इसके पश्चात पांच कुंडीय हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु आहुति देंगे। हवन के बाद भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। अंत में श्रद्धालु नागक्षेत्र तीर्थ की परिक्रमा कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।
अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद के अध्यक्ष संजीव गौतम ने बताया कि इस वर्ष की सोमवती अमावस्या विशेष धार्मिक महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास और ज्येष्ठ मास के संगम के साथ पड़ने वाली यह तिथि अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है। इस दिन भगवान शिव की आराधना, पितरों का स्मरण तथा जल अर्पण करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में श्री कृष्ण कृपा परिवार से रवि मोहन, अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद से संजीव गौतम, सतपाल सत्ती एवं कुलदीप शर्मा तथा श्री नागक्षेत्र सुधार समिति से भजन सैनी और कृष्ण वत्स विशेष रूप से उपस्थित रहे।