जींद। जिले में चार दिन बाद कोरोना संक्रमण की दर में काफी गिरावट आई है। सोमवार को संक्रमण की दर 27.82 प्रतिशत तक पहुंच गई थी जो बुधवार को गिरकर 13.64 तक आ गई है। साफ है कि जिले में अब संक्रमण की दर कम होनी शुरू हो गई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1055 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी की। इनमें से 144 लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि जनवरी महीने में पॉजिटिव का आंकड़ा 15 जनवरी के बाद सर्वाधिक है, लेकिन संक्रमण की दर में गिरावट आने से कुछ राहत नजर आ रही है। वहीं बुधवार को 111 लोगों ने कोरोना को मात दी। जिले में सक्रिय केस 673 हैं। पॉजिटिव आने वालों में आठ साल तक के दो बच्चे भी शामिल हैं।
अब कोरोना संक्रमण ने शहर के साथ-साथ गांवों की तरफ भी अपना रुख कर लिया है। धीरे-धीरे संक्रमण गांवों में भी फैलने लगा है। अब तक शहर के 80 प्रतिशत लोग संक्रमित हो रहे थे जबकि गांवों में यह प्रतिशत केवल 20 ही था, लेकिन अब गांवों में भी संक्रमण 40 प्रतिशत पहुंच गया है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण की चपेट में 40 वर्ष से कम आयु के 70 प्रतिशत लोग आ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि इस आयु वर्ग के लोग घरों से बाहर काम के सिलसिलं में निकलते हैं और संक्रमित हो जाते हैं। चिकित्सकों की माने तो जनवरी महीने के अंतिम सप्ताह में जिले में धीरे-धीरे संक्रमण की रफ्तार कम हो जाएगी। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि जिले के अब तक 22340 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 539 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 21128 लोग ठीक हो चुके हैं। इस समय जिले में 673 लोग एक्टिव कोरोना संक्रमित हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1099 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग 425402 लोगों के सैंपल ले चुका है।
नागरिक अस्पताल में दाखिल हुए 17 लोग
जनवरी महीने में शुरू हुई तीसरी लहर के दौरान अब तक नागरिक अस्पताल को आईसोलेशन वार्ड में 17 लोग दाखिल हो चुके हैं। इनमें अधिकतर को खांसी व जुकाम की शिकायत है। किसी भी व्यक्ति की स्थिति फिलहाल गंभीर नहीं है। दूसरी लहर के दौरान नागरिक अस्पताल में बेड भी खाली नहीं थे और लोगों में मारामारी का माहौल था। फिलहाल जिले में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
17 जनवरी को थी सर्वाधिक 27.82 प्रतिशत संक्रमण की दर
जनवरी महीने में शुरू हुई कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के दौरान अब तक 17 जनवरी को सर्वाधिक संक्रमण की दर 27.82 प्रतिशत दर्ज की गई। 14 जनवरी को 13.38 प्रतिशत, 15 को 10.45 प्रतिशत, 16 को 14.82 प्रतिशत, 17 को 27.82 प्रतिशत, 18 को 21.51 प्रतिशत तथा अब 19 जनवरी को संक्रमण की दर 13.64 प्रतिशत दर्ज की गई। जिले में अब तक ओवरऑल संक्रमण की दर 5.25 प्रतिशत है।