झज्जर। रेडक्रॉस में ड्राइविंग लाइसेंस और कंडक्टर लाइसेंस सर्टिफिकेट के लिए अभ्यार्थियों से लिए जा रहे ज्यादा शुल्क मामले की जांच शुरू हो गई है। इसे लेकर शुक्रवार को रेडक्राॅस के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी झज्जर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अगर यहां कार्रवाई होगी तो अन्य जिलों को भी समझ आ जाएगा। बता दें कि रेडक्रॉस में अभ्यार्थियों को ड्राइविंग व कंडक्टर लाइसेंस के लिए ट्रेनिंग दी जाती है। इसके लिए अभ्यार्थियों को रेडक्रॉस में फीस जमा करानी होती है। सर्टिफिकेट के लिए अभ्यार्थियों से तय शुल्क से ज्यादा शुल्क लिया जा रहा था।
इसकी शिकायत अभ्यार्थियाें ने रेडक्राॅस के सचिव देवेंद्र चहल को भी दी थी। ड्राइविंग लाइसेंस सर्टिफिकेट के लिए 300 और कंडक्टर लाइसेंस के लिए 1500 रुपये शुल्क देना पड़ता है। अथ्यार्थियों से ट्रेनिंग में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 500 रुपये और कंडक्टर लाइसेंस के लिए 1700-1800 रुपये शुल्क लिया जा रहा था।
लाइसेंस के सर्टिफिकेट के लिए ज्यादा शुल्क लेने की सूचना मिलने के बाद रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी झज्जर पहुंचे। उन्होंने झज्जर में अभ्यार्थियों की आई हुई शिकायतों पर सत्यापित किया। उन्होंने शिकायत देने वाले अभ्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान उनके पास 10 लोगों ने शिकायत दी जिनसे बातचीत की गई।
उन्होंने कहा कि शिकायत देने वाले सभी अभ्यार्थियों से बातचीत के बाद किसी निर्णय पर पहुंचा जाएगा। जो भी इसमें दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ डीटीओ की कमी है जिसके चलते कुछ डीटीओंं को झज्जर में पेपर चेक के लिए अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
दुकानों पर 30 लाख रुपये किराया बकाया
वाइस चेयरमैन ने बताया कि रेडक्राॅस की तरफ से 28 दुकानों को किराए पर दिया हुआ है जिन पर 35 लाख रुपये का किराया बकाया था। इसमें से अब तक करीब पांच लाख रुपये का किराया दुकानदारों ने भरा है। इस पर रेडक्रॉस की तरफ से कार्रवाई की जा रही है।
श्रमिकों को फ्री एंबुलेंस सुविधा के लिए किया जा रहा कार्य
वाइस चेयरमैन ने बताया कि रेडक्राॅस की तरफ से इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन से बैठक की जा रही है। रेडक्रॉस की तरफ से इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन को एंबुलेंस दी जाएगी जिसका पूरा ध्यान रेडक्रॉस और इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन की तरफ से रखा जाएगा। इसमें इंडस्ट्रीयल श्रमिकों को फायदा होगा। अभी सभी जिलों में दो-दो एंबुलेंस दी जाएगी।
वर्जन
रेडक्रॉस झज्जर में ड्राइविंग लाइसेंस और कंडक्टर लाइसेंस के सर्टिफिकेट को लेकर ज्यादा शुल्क लेने की सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद जांच करने के लिए झज्जर पहुंचे हैं। इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंकुश मिगलानी, वाइस चेयरमैन, रेडक्रॉस हरियाणा