जुलाना के मेन बाजार में बरसात के बाद सडक़ें हुई लबालब। वार्ड नौ में गिरी मकान की छत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बारिश से एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर हरियाणा के जींद के जुलाना में परेशानी खड़ी कर दी। बारिश के चलते एक मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। उधर, बारिश ने नगरपालिका (नपा) के दावों की पोल खोलकर रख दी है। क्षेत्र में बीती रात 66 एमएम बारिश से नाले उफन गए। साथ ही सड़कों पर जलभराव हो गया। वहीं, दुकानों में भी पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नपा के दावे जुलाना में निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हवा हवाई साबित होते नजर आए। निकासी व्यवस्था नही होने के कारण सड़क बरसाती पानी से भर गई। सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए। दुकानदारों को बारिश पानी के कारण काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है क्योंकि बारिश के पानी की निकासी नहीं होने के कारण दुकानोंं में पानी घुस रहा है।
इससे उनका सामान खराब होने के कारण लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। दुकानदारों की मांग है कि बाजार से बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए। ताकि उन्हें परेशानियों से निजात मिल सके।
जुलाना के वार्ड नम्बर नौ में बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई। छत गिरने से परिवार बाल बाल बच गए। वार्ड नम्बर नौ निवासी संदीप ने बताया कि उसका मकान जर्जर हालत में था। मंगलवार को उसके मकान की छत बारिश के कारण गिर गई।
छत गिरने से घर का सारा सामान खराब हो गया। कई बार उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए आवेदन किया, लेकिन सर्वे तक का ही काम हो पाया। वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है।