जींद। जिले में सर्द सीजन की रात गरज-चमक के साथ औसतन 13.7 मिमी बारिश हुई। जींद में 15 एमएम, नरवाना में 20 एमएम और अलेवा में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट में कमी देखने को मिली। न्यूनतम तापमान 13 से घटकर तीन डिग्री पर आ गया। इससे ठंड में इजाफा हुआ है। शनिवार को भी बादल छाए रहने का अनुमान है।
वीरवार रात से ही बारिश शुरू हो गई थी जो कि दोपहर तक रुक-रुककर होती रही। इससे अधिकतम तापमान 16 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 80 प्रतिशत व हवा कि गति 15 किमी. प्रति घंटा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है।
भारी बारिश के कारण प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर पानी भर गया जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हवा की गति तेज होने साथ सर्द बनी रही।
जींद में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई
जींद में 15 एमएम, नरवाना में 20 एमएम, सफीदों में 11 एमएम, जुलाना व उचाना में 9-9 एमएम, पिल्लूखेड़ा में 15 एमएम, अलेवा में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे पूर्व दिसंबर व जनवरी माह में वर्ष 2021-22 में 12.2 एमएम बारिश हुई थी।
फसलों के लिए वरदान साबित होगी बारिश
रबी फसल की बिजाई होने के बाद से सर्दी के सीजन में बारिश नहीं हुई थी। रात को तापमान भी पांच डिग्री से नीचे जा रहा था। किसानों का फसलों को ठंड से बचाने के लिए ट्यूबवेलों से रात को सिंचाई करनी पड़ रही थी। दिन का तापमान पिछले कुछ दिनों से 20 डिग्री को पार कर रहा था। शुक्रवार को हुई बारिश ने किसानों को काफी राहत दी। बारिश फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हुई है। बारिश ने फसलों में पानी की कमी को पूरी कर दिया है जिससे फसलों को अच्छी ग्रोथ मिलेगी। फुटाव भी अच्छा मिलेगा।
आगे कैसे रहेगा मौसम
अगले सप्ताह तक आसमान में हल्की बादलवाही रहेगी। 25 जनवरी को बूंदाबांदी होने के आसार बनेंगे। इस कारण तापमान में इजाफा होगा। 24 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस रहेगा। 25 जनवरी को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। 26 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहेगा। 27 जनवरी को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 28 जनवरी को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री व 29 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यनूतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहेगा।
वर्जन
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश हुई है। शनिवार को भी बादलवाही के साथ बूंदाबादी की संभावना है। 25 जनवरी को फिर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है।
-डॉ. राजेश कुमार, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद
23जेएनडी10-रेलवे जंक्शन पर चल रही बारिश। संवाद
23जेएनडी10-रेलवे जंक्शन पर चल रही बारिश। संवाद