उचाना। शिवानिया पब्लिक स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन तीरंदाजी चैंपियनशिप के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। देशभर से पहुंचे तीरंदाजों ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
रिकर्व राउंड अंडर-19 लड़कियों के वर्ग में राधिका ने प्रथम, भूमि ने द्वितीय, सनमीत ने तृतीय और सृष्टि ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। अंडर-19 लड़कों के वर्ग में नवीन प्रथम, वंश द्वितीय, गुरमती तृतीय और लव केडिया चतुर्थ स्थान पर रहे।
इंडियन राउंड अंडर-17 लड़कियों के वर्ग में पल्लवी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहा द्वितीय, सनवीर कौर तृतीय और वंशिका चतुर्थ स्थान पर रहीं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक पुनीत खटकड़ ने कहा कि उचाना में सीबीएसई नॉर्थ जोन तीरंदाजी चैंपियनशिप का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसमें निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं, वहीं हरियाणा के खिलाड़ी भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खेलों में प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान प्राचार्या पूनम खटकड़, नफे सिंह खटकड़, विकास खटकड़, देव, कोच संदीप और सुनील पालवां सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।