फोटो 05जेएनडी09-भ्रष्टाचार के मामले में पकड़े गए आरोपी एसडीसी धर्मवीर को लेकर जाते हुए एसीबी की
जींद। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने वीरवार को पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीसी धर्मवीर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एसडीसी ने ठेकेदार के 15 लाख रुपये के लंबित बिल पास करने की एवज में तीन प्रतिशत कमीशन के हिसाब से रिश्वत मांगी थी।
मामले में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के ग्रुप डी कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि कर्मचारी के माध्यम से ही रिश्वत की रकम एसडीसी तक पहुंचाई गई। एसीबी कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है।
रामगढ़ निवासी प्रदीप कुमार ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि वह पब्लिक हेल्थ विभाग में ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके विभाग के डिवीजन नंबर-दो में नौ लाख रुपये और डिवीजन नंबर-एक में छह लाख रुपये के बिल करीब दो साल से लंबित हैं। इन बिलों का भुगतान करवाने के लिए वह एसडीसी धर्मवीर से मिले थे।
शिकायत के अनुसार, एसडीसी ने 15 लाख रुपये के बिल पास करवाने की एवज में तीन प्रतिशत के हिसाब से 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी। इसके बाद उन्होंने एसीबी को शिकायत दी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने टीम गठित कर ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता को 500-500 रुपये के 30 नोट दिए गए।
वहीं, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सूर्या को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। योजना के तहत टीम ने कार्रवाई करते हुए एसडीसी धर्मवीर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन
15 लाख रुपये के बिल पास करने की एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एसडीसी को गिरफ्तार किया है। मामले में एचकेआरएन के ग्रुप डी कर्मचारी से भी रुपये बरामद हुए हैं। कर्मचारी ने रकम लेकर एसडीसी को दी थी लेकिन उसे यह जानकारी नहीं थी कि रुपये किस काम के लिए दिए जा रहे हैं। एसडीसी धर्मवीर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- महेंद्र, निरीक्षक, एंटी करप्शन ब्यूरो