21उचाना01 : उचाना बिजली निगम कार्यालय के सामने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते यूनियन के पदाधिकारी
उचाना। समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने के फैसले के विरोध में उचाना के बिजली कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्तूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने का एलान किया है। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियरिंग संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सब यूनिट उचाना के बिजली कर्मियों ने बुधवार को धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यूनियन के प्रधान विकास खटकड़ ने बताया कि बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारी पांच महीने से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब दो महीने पहले सरकार के साथ हुए समझौते में बिजली विभाग का निजीकरण नहीं करने का आश्वासन दिया गया था लेकिन अब सरकार अपने वादे से पीछे हटती नजर आ रही है। इससे कर्मचारियों में रोष है। बिजली व्यवस्था के निजी हाथों में जाने से आम जनता, किसानों और मजदूर वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। बिजली की दरों में वृद्धि और सब्सिडी खत्म होने की आशंका से लोगों की परेशानी बढ़ेगी। विकास खटकड़ ने कहा कि कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। संवाद