संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। पतराम नगर की मुख्य गली में बिजली के पोल पर वाई-फाई नेटवर्क के लिए बिछाई जा रही तारों को लेकर सोमवार को लोगों ने विरोध जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली के खंभों पर पहले से केबलों का जाल फैला हुआ है। ऐसे में नई तारें लगाने से आग और हादसों का खतरा बढ़ सकता है।
स्थानीय निवासी अनिल, पोनी, टींकू, अजय, राहुल, सौरभ, आदित्य, मनीष, सन्नी, नीरज, विनय, टोनी, विकास और सुरेंद्र ने बताया कि बिजली लाइनों में स्पार्किंग या तकनीकी खराबी आने पर साथ लगी केबल भी जलने लगती हैं जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है।
उनका कहना है कि पहले भी ऐसी घटनाओं में बिजली मीटर प्रभावित हुए हैं। लोगों ने बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मांग की कि संबंधित कंपनी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही तार बिछाने का कार्य करे।
लोगों ने प्रशासन से मांग की कि यदि वाई-फाई नेटवर्क के लिए केबल डाली जाए तो उसे सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए। चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से बड़ा कदम उठाएंगे।
दो दिन पहले गली के खंभे के पास बिजली तारों में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।