जींद। नेशनल आर्ट्स वर्कशॉप में रविवार को विद्यार्थियों की लगाई गई प्रदर्शनी में प्रदेश के कलाकारों ने भाग लिया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल व नागरिक अस्पताल से डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला, समाजसेवी कामिनी आशरी व भाजपा के जिलाध्यक्ष राजू मोर ने शिरकत की। इसमें आए अतिथियों ने कलाकारों को सम्मानित किया।
प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि कला को बढ़ावा देने के लिए जींद जैसे क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की आर्ट्स वर्कशॉप शुरू करना अच्छी पहल है। इससे बच्चों को कला के बारे में अच्छी जानकारी सीखने को मिलेगी। इस प्रकार की वर्कशॉप का समय-समय पर आयोजन किया जाना चाहिए।
डॉ. राजेश भोला ने कहा आर्ट के परिदृश्य में यह वर्कशाप एक बड़ी शुरुआत है। इस वर्कशॉप से जहां छात्र-छात्राओं को बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा, वही आर्ट्स में कॅरिअर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। भोला ने कहा कि वर्कशाप का उद्देश्य कला को बढ़ावा देना और उभरते कलाकारों को काम करने के और नए तरीके सिखाना है।