जींद। जनगणना को लेकर सोमवार को तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर नगर परिषद और डीआरडीए हाल में शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर नगर परिषद ईओ ऋषिकेश चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।
चार्ज ऑफिसर ऋषिकेश चौधरी ने कहा कि इस बार की जनगणना में तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। शिविरों में क्षेत्रीय प्रशिक्षकों ने मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से कर्मचारियों को मकान सूचीकरण और डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया ताकि प्रत्येक कर्मचारी को तकनीकी बारीकियां स्पष्ट हो सकें।
इसके अलावा कर्मचारियों को क्षेत्र में जाते समय पहचान पत्र साथ रखने और आमजन के साथ विनम्रता से पेश आने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।
चार्ज ऑफिसर ने निर्देश दिए कि गणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। भवनों के चिह्निकरण और परिवारों के विवरण को पूरी सावधानी से दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार और जिला शिक्षा अधिकारी रितु पंघाल ने दोनों केंद्रों का दौरा कर प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण समापन के बाद सभी प्रशिक्षकों और सुपरवाइजरों को उनके ब्लॉक तथा चार्ज दे दिए जाएंगे।