नरवाना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 27 जुलाई को उझाना गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, जींद के एसडीएम सत्यवान सिंह मान और नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र ने उझाना पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ मंदिर का निरीक्षण किया।
एसपी और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले उझाना स्टेडियम में तैयार किए जा रहे जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई।
कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है इसलिए भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं मजबूत की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी और वीआईपी मंच, प्रेस गैलरी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग मंच तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था करने के साथ वीवीआईपी, अधिकारियों और आमजन के लिए प्रवेश व निकासी के अलग रास्ते तय करने को कहा गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक और दोनों एसडीएम कम्युनिटी सेंटर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के आगमन के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि हेलीपैड की सभी तैयारियां सुरक्षा मानकों के अनुसार निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों ने 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ मंदिर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़े कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
मंदिर में माथा टेककर प्रसाद ग्रहण करेंगे सीएम
27 जुलाई को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करने के बाद हवन-यज्ञ में आहुति देंगे, भंडारे में शामिल होंगे और इसके बाद 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ मंदिर में माथा टेककर प्रसाद ग्रहण करेंगे। मौके पर भगवा ध्वजारोहण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीएसपी कमलदीप राणा, तहसीलदार विजय कुमार, बीडीपीओ तरुण सुथार, उझाना के सरपंच सुनील मलिक मौजूद रहे।