फोटो 24एसएफडीएम2अवैध दुकानों को गिराते हुए जेसीबी। संवाद
सफीदों। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ डीटीपी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। रामधन पेट्रोल पंप के पीछे स्थित क्षेत्र में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों पर विभाग का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान कई अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया, वहीं कुछ प्लॉटों की नींव भी उखाड़ दी गई।
जिला टाउन प्लानर (डीटीपी) मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
डीटीपी मनीष कुमार ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट, मकान या दुकान न खरीदें। अवैध जगह पर निर्माण करने से बाद में मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है और विभागीय कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।
डीटीपी ने कहा कि अवैध कॉलोनियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने लोगों से किसी भी जमीन या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधता की जांच करने की अपील की।