जींद। शहर के पॉश इलाके में वीरवार रात चार घंटे बिजली गुल रही। सफीदों रोड स्थित सब स्टेशन और सेक्टर-11 पावर हाउस में ब्रेकडाउन के कारण यह समस्या पैदा हुई जिससे रात के समय कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में अंधेरा छाया रहा। भीषण गर्मी के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
शहर के सफीदों रोड स्थित सब स्टेशन और सेक्टर-11 पावर हाउस में रात नौ बजे ब्रेकडाउन हो गया। इस कारण अर्बन एस्टेट, डिफेंस कॉलोनी, एकता नगर, न्यू जवाहर नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, भारत नगर, राम कॉलोनी और नया बस अड्डा एरिया की बिजली गुल हो गई।
शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य फॉल्ट मानकर इंतजार किया लेकिन देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं होने पर लोगों ने बिजली निगम के शिकायत केंद्र और संबंधित अधिकारियों को फोन करने शुरू कर दिए। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद न तो संतोषजनक जवाब मिला और न ही जल्द समाधान हुआ। करीब चार घंटे बाद देर रात बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
बिजली जाने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ी। गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। इन्वर्टर जवाब देने लगे। शहर में बढ़ते अघोषित कटों और लगातार सामने आ रही बिजली समस्याओं ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी के मौसम में यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।
लंबे कट लगने लगे से उपभोक्ताओं में बढ़ रहा रोष
उपभोक्ता राजेश, संदीप, संजय शर्मा, राजेश का कहना है कि पहले गांवों में अघोषित कट की शिकायतें आती थीं लेकिन अब शहर में भी बिना सूचना लंबे कट लगने लगे हैं जिससे उपभोक्ताओं में रोष बढ़ रहा है। सफीदों रोड, सेक्टर-11 और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों ने बताया कि पॉश इलाकों में इस तरह लंबे समय तक बिजली गुल रहना बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। नियमित रूप से बिजली बिल भरने के बावजूद उन्हें निर्बाध आपूर्ति नहीं मिल पा रही।
वीरवार रात को बिजली गुल होने के बाद निगम के नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद भी उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
-संदीप, अर्बन एस्टेट, जींद
बिजली गुल होने का मामला अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था। इसके बावजूद अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। मैं बिजली आने का चार घंटे तक इंतजार करता रहा।
-राजेश, कृष्णा कॉलोनी, जींद
सफीदों रोड और सेक्टर-11 के पॉवर हाउस में रात को ब्रेक डाउन हो गया था। इसक कारण बिजली गुल हो गई थी। बिजली कर्मचारियों को निर्देश देकर रात में ही बिजली बहाल करवा दी थी।
-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद