21जेएनडी19: राजकीय पीजी कॉलेज। फाइल फोटो
जींद। उच्चतर शिक्षा विभाग ने ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्सों में खाली सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोल दिए हैं। अब 27 अक्तूबर तक विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर दाखिला ले सकते हैं। जिले के 17 कॉलेजों में लगभग दो हजार सीटें खाली है।
जो विद्यार्थी पहले किन्हीं कारणों से दाखिला लेने से वंचित रह गए थे। अब उनको अपनी पढ़ाई पूरी करने का एक और मौका दिया गया है। इस अवधि में छात्र ग्रेजुएशन के पहले, दूसरे और तीसरे वर्ष व पोस्ट ग्रेजुएशन के पहले और दूसरे वर्ष में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बिना ऑनलाइन आवेदन के किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उच्च शिक्षा महानिदेशक कार्यालय की तरफ से सभी सरकारी, एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में पत्र भेज दिया गया है।
रिक्त सीटों को भरने के लिए कॉलेजाें की तरफ से उच्चतर शिक्षा निदेशालय को पत्र लिखा गया था। इसके चलते पोर्टल खोला गया है ताकि वंचित विद्यार्थी दाखिला ले सकें।