जींद। शहर थाना नरवाना पुलिस ने एक गाड़ी से चार गोवंशों को बरामद किया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। ड्राइवर ने खुद मामले को लेकर पुलिस को सूचना दी थी।
दिल्ली निवासी (मदनपुर खादर) नवल कुमार ने पुलिस एफआईआर में बताया कि उन्हें तीन दिसंबर को दिल्ली से पंजाब के निहालगढ़ की ऑनलाइन बुकिंग मिली। निहालगढ़ से दिल्ली घरेलू सामान लेकर जाने की बात कही गई थी। वह और उनका साथी सचिन निहालगढ़ पहुंचे तो उनके मोबाइल पर भेजी गई लोकेशन की जगह पर काफी अंधेरा था और वहां मौजूद लोगों ने उनकी गाड़ी में घर का सामान रखने की बजाय चार गोवंश को भर दिया।
जब उन्होंने इसका विरोध किया था आरोपी उन्हें मारने पीटने की धमकी देने लगे और उनकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। इसके बाद वह गोवंश को लेकर अपनी गाड़ी में चल दिए। उन्होंने डायल 112 पर फोन किया और साथ ही गोरक्षकों के ग्रुप में वीडियो भेज दी। जब वह नरवाना पहुंचे तो डायल 112 की गाड़ी मिल गई और उन्हें थाने में ले आई। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।