फोटो 1 नरवाना। मकान के अंदर तलाशी लेते हुए पुलिस। स्रोत पुलिस
नरवाना। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बुधवार को शहर में विशेष सर्च व चेकिंग अभियान चलाया। डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा की अगुवाई में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चमेला कॉलोनी समेत कई स्थानों पर पहुंचकर नशे की बिक्री और सप्लाई के संदिग्ध ठिकानों व मकानों की जांच की। संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के साथ उनकी तलाशी भी ली गई। पुलिस ने दो संदिग्ध बाइक जब्त कर ली हैं।
पुलिस अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने भी अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने आठ मकानों में कुंडी कनेक्शन पकड़े और करीब 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी के मामलों की जांच भी की गई।
अभियान में शहर थाना, सदर थाना, गढ़ी थाना, धमतान साहिब, दनौदा और हुडा पुलिस चौकी के साथ सीआईए नरवाना की टीमें शामिल रहीं। पुलिस के साथ बिजली विभाग, डॉग स्क्वायड और नशा मुक्ति टीम ने भी अभियान में सहयोग किया। टीमों ने उन स्थानों को विशेष रूप से जांचा, जहां नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की आशंका थी।
वर्जन
नशे के खिलाफ पुलिस का सर्च एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर वहां जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
- कमलदीप राणा, डीएसपी नरवाना
फोटो 1 नरवाना। मकान के अंदर तलाशी लेते हुए पुलिस। स्रोत पुलिस