होटल की जांच कर वापिस लौटती पुलिस टीम। स्रोत संवाद।
नरवाना। शहर थाना पुलिस ने रविवार को होटलों और रेस्टोरेंट की जांच की। इससे संचालकों में अफरातफरी मच गई।
जांच के दौरान पुलिस ने होटलों के कमरे, रजिस्टर, आगंतुकों की प्रविष्टियां, पहचान दस्तावेज, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी यात्री को कमरा देते समय उसकी फोटो आईडी, पते का सत्यापन और मोबाइल नंबर लेना अनिवार्य है।
कहा गया कि किसी नए या प्रवासी व्यक्ति को बिना जांच के कमरा उपलब्ध न कराया जाए। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम कर रहे हों और उनकी रिकॉर्डिंग समय पर सुरक्षित रखी जा रही हो। शहर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने होटल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी होटल में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि होटल परिसर में किसी प्रकार की संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वर्जन
अभियान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चलाया गया है। ऐसी कार्रवाई से अपराधों पर अंकुश लगेगा। होटल व्यवसाय में भी पारदर्शिता बढ़ेगी।–मनोज कुमार, शहर थाना प्रभारी।