नरवाना। शनिवार रात नरवाना के पुराने बस स्टैंड के पास दिल्ली–पटियाला नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा बच गया। सीमेंट निर्माण में उपयोग होने वाली राख से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे नाले में जा घुसा। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रक चालक हसरत ने बताया कि वह तलवंडी साबो से राखी भरकर गाजियाबाद दादरी जा रहा था। जैसे ही वह पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचा, ट्रैफिक लाइट के नजदीक बने ब्रेकर पर सफेद पट्टी न होने की वजह से ब्रेकर का पता नहीं चला। जब ब्रेकर के ऊपर से ट्रक चढ़ा एकदम उसी समय हाईवे पर खड़ा एक गोवंश भी सामने आ गया।
साइड में गाड़ियां थी। बचने के प्रयास में हसरत ने तेजी से ब्रेक लगाए लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और नाले में जा घुसा। चालक को मामूली चोट आई है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन क्रेनों की मदद से ट्रक को बाहर निकाला गया। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि हादसा रात को हुआ। लोगों ने कहा कि ब्रेकर तो बना दिया गया लेकिन उस पर सफेद पट्टियां नहीं डाली गईं। पहले डाली गईं पट्टियां भी कुछ ही दिनों में गायब हो गईं। इससे रात के समय वाहन चालकों को ब्रेकर का पता ही नहीं चलता।
लोगों का कहना है कि पूरे दिल्ली–पटियाला नेशनल हाईवे की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हैं। कुछ दिन पहले एनएचएआई टीम ने बस स्टैंड, विश्वकर्मा चौक और हरियल चौक के आसपास गड्ढों को भरने का काम शुरू किया था, लेकिन हिसार–चंडीगढ़ नेशनल हाईवे फ्लाईओवर के पास बने बड़े गड्ढों को अनदेखा कर दिया गया।
बाक्स
–डीसी की फटकार के बाद भी हाईवे की लचर स्थिति – शहरवासी।
लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द हाईवे का निरीक्षण कर गड्ढों को भरा जाए और ब्रेकरों पर सफेद पट्टियों की मार्किंग की जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके।
वर्जन
नेशनल हाईवे पर जहां पर ज्यादा दूर तक गड्ढे थे उन गड्ढों को रिपेयर करवा दिया गया है। बात है हरियल चौक से आगे फ्लाईओवर के पास और नहर से आगे तो यह गड्ढे छोटे हैं इनको रिपेयर किया जाएगा। आगे धुंध का मौसम के देखते हुए नेशनल हाईवे पर सफेद पट्टी और कैटआई लगाने का जल्द कार्य शुरू करवाया जाएगा।–अनिल कुमार, रेजिडेंट इंजीनियर, एनएचएआई।