02जेएनडी05: पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए साइबर ठगी के दोनों आरोपी। स्रोत: पुलिस
जींद। थाना साइबर क्राइम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर खुद को आर्मी अफसर बताकर युवक से 3,51,490 रुपये की ठगी करने के शातिर साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने दो आरोपियों विपिन सारस्वत निवासी पर्वतीय कॉलोनी (एनआईटी फरीदाबाद) और कौशल निवासी संजय एन्क्लेव पार्ट-दो (एनआईटी फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23,500 रुपये भी बरामद हुए हैं।
थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को लक्षमी नगर निवासी अंकित ने साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि वह इंस्टाग्राम पर एक लड़की की फर्जी आईडी के संपर्क में आया। जिसने स्वयं को मथुरा निवासी बताया और अपने पिता को सियाचिन में तैनात आर्मी अधिकारी बताया।
आरोपियों ने भावनात्मक रूप से विश्वास जीतने के बाद ट्रिप फीस, बीमारी, एक्सीडेंट समेत अन्य बहानों से अलग-अलग तारीखों में विभिन्न यूपीआई आईडी के माध्यम से शिकायतकर्ता से कुल 3,51,490 रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो उसे पूरे मामले में साइबर ठगी का संदेह हुआ। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत मे पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया।