जींद। पुलिस लाइन हरियाणा पुलिस कर्मचारी एसोसिएशन की बैठक प्रधान प्रेम सिंह बांगड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहीद पुलिसकर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। एसोसिएशन ने सरकार से पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नियमित करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की प्रमुख मांग की।
प्रेम सिंह बांगड़ ने कहा कि कैशलेस मेडिकल सुविधा को केवल घोषणा तक सीमित न रखकर तुरंत लागू किया जाए। इसके अतिरिक्त, पेंशनरों की आयु 65, 70 और 75 वर्ष होने पर पेंशन में दस प्रतिशत से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी और मेडिकल भत्ते को 1000 से बढ़ाकर 3000 रुपये करने की मांग की गई।
बैठक में पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती और योग्यता अनुसार पदोन्नति की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर मिया सिंह सहित दर्जनों पेंशनर मौजूद रहे।