गांव खेड़ी तलौडा में नवनिर्वाचित सरपंच राकेश यादव की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतबीर को पुलिस ने बुधवार को सफीदों अदालत में पेश किया। जहां से पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हत्या में शामिल अन्य लोगों, हत्या में प्रयोग किए गए असलाह की बरामदगी करेगी। सरपंच की हत्या के दूसरे दिन भी गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर रहा। इस दौरान आरोपी के घर के पास भी पुलिस की तैनाती की गई है।
गांव खेड़ी तलौडा निवासी बालकिशन ने मंगलवार को पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका छोटा भाई राकेश यादव सरपंच पद के लिए 30 वोट से जीत दर्ज की थी।
इस दौरान उसके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतबीर इस हार को पचा नहीं पाया और बदला लेने के लिए उसके भाई राकेश यादव की निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतबीर ने अपने बेटे विजय, भाई रामनिवास के साथ मिलकर उनके घर के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले सतबीर के भाई जगजीवन ने जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने बालकिशन की शिकायत पर गांव खेड़ी तलौडा निवासी सतबीर, उसके बेटे विजय, रामनिवास, जगजीवन के खिलाफ हत्या तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मंगलवार को ही छापेमारी करके आरोपी प्रतिद्वंद्वी सतबीर को गिरफ्तार कर लिया था।
जबकि तीन आरोपी अभी भी भूतिगत हैं। उनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हत्या के आरोपी सतबीर को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों तथा हत्या में प्रयोग किए गए असलाह के बारे में पूछताछ करेगी।
गांव में दूसरे दिन भी रहा तनाव
नवनिर्वाचित सरपंच राकेश यादव की हत्या के दूसरे दिन भी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हत्या के आरोपी सतबीर के घर में बुधवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान पुलिस की एक टीम आरोपी सतबीर के घर के सामने ही तैनात की गई है।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
नवनिर्वाचित सरपंच राकेश यादव की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार की मांग को लेकर ओबीसी बिग्रेड के पदाधिकारियों ने बुधवार को पिल्लूखेड़ा के नायब तहसीलदार वेद सैनी को ज्ञापन सौंपा। इसमें मृतक के परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, मृतक के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।